अंबेडकरनगर। धान चोरी करने के लिए लग्जरी वाहन से पहुंचे चोरों को कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के रामगढ़ रोड क्षेत्र के लोगों ने बृहस्पतिवार देर रात दौड़ा लिया। खुद को फंसता देख चोर वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। बाद में पीड़ित ने कोतवाली में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
आढ़ती रामनरेश ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि पांच दिसंबर की देर रात एक लग्जरी वाहन से कुछ लोग उसके घर के सामने पहुंचे। उनके साथ एक पिकअप भी थी। घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदी धान की बोरी संबंधित लोगों ने उतारने का प्रयास किया। इसी बीच उनकी आंख खुल गई। शोर मचाने पर चोर वाहन पर बैठकर भागने लगे।
पिकअप व लग्जरी वाहन अलग-अलग रास्ते पर चले गए। हालांकि लग्जरी वाहन का उसने ग्रामीणों के साथ पीछा किया। खुद को घिरता देख चोर वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। बताया कि एक दिसंबर की देर रात भी चोरों ने घर के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से 35 बोरी धान पार कर दिया था। पुलिस ने संबंधित वाहन को कब्जे में लेकर मामले में छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। वाहन को कब्जे में लिया गया है। छानबीन की जा रही है।