मालीपुर थाना क्षेत्र के ताराखुर्द में महिला की मौत बाद मार्ग जाम करते ग्रामीण - संवाद
अंबेडकरनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताराखुर्द में भर्ती गर्भवती महिला की प्रसव के बाद हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने ताराखुर्द नेमपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मालीपुर पुलिस ने चिकित्सक डॉ. रामभरत, स्टाफ नर्स संध्या पांडेय, वार्ड ब्वाय रामचंद्र तथा आशा सविता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर सीएमओ ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू करा दी है।
जानकारी के अनुसार बेवाना थाना क्षेत्र के कुढ़ा मोहम्मदगढ़ निवासी दिलीप ने अपनी पत्नी प्रभावती (35) को सोमवार शाम मालीपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताराखुर्द में प्रसव के लिए भर्ती कराया। वहां सोमवार देर शाम ही सामान्य प्रसव के बाद महिला को पुत्र पैदा हुआ। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान ज्यादा रक्तस्राव होने से महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने चिकित्सक व कर्मचारियों से समुचित इलाज करने को कहा लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। इस पर महिला को लेकर परिजन मंगलवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। वहां कुछ देर बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
इसके बाद यहां से शव ले जाकर परिजनों ने ताराखुर्द नेमपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। परिजन शव लेकर हट गए लेकिन थोड़ी ही देर बाद केस दर्ज करने की मांग को लेकर दोबारा मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चिकित्सक व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसके बाद भी पीएचसी के निकट देर शाम तक परिजन व ग्रामीण सड़क जाम कर तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। उधर सीएमओ डॉ. राजकुमार ने अपर सीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मारकंडेय को मामले की जांच सौंप दी है। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।