अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चकबंदी कार्यालय में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। कार्यालय में तैनात बाबू कुशल चंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह रुपये ले रहे हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। फिलहाल एसओसी ने मामले में बाबू से जवाब तलब किया है, जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि भीटी तहसील के चकबंदी भवन कार्यालय भवन के बकाया किराए के भुगतान के एवज में कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी कार्यालय में तैनात लिपिक कुशल चंद्र ने रुपये की मांग की थी। रुपये लेते समय किसी ने उनका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामला उच्चाधिकारियों तक जा पहुंचा तो जांच शुरू की गई है। एसओसी आरके मौर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। बाबू से जवाब मांगा जाएगा। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)