अंबेडकरनगर क्रिकेट लीग में विजता टीम को कप देते अतिथि व खुशी जाहिर करते खिलाड़ी । स्रोत आयोजक
अंबेडकरनगर। पखवाडे़ भर से अकबरपुर के वीसीए खेल मैदान में चल रही अंबेडकरनगर क्रिकेट लीग का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जेएसआर व अवध स्काई स्पोर्ट्स के बीच खेला गया। जिसमें जेएसआर ने अवध स्काई स्पोर्ट्स को 84 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
खिताबी मुकाबले में अवध ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी जेएसआर 35 ओवर में छह विकेट खोकर 262 रन बनाए। टीम की तरफ से हर बल्लेबाज ने शानदार पारी खेली, जिसमें नरसिंह ने 75 रन, निलोय चक्रवर्ती ने 73 रन और वैभव तिवारी ने 55 रन बनाए। अवध के गेंदबाजों में नितिन का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
वहीं 263 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अवध की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम 32.2 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए अंश ने 47 गेंदों पर 49 रन बनाए जबकि उत्कर्ष ने 27 रन का योगदान दिया। जेएसआर के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। इसमें नरसिंह, वैभव और दिपांशु ने 2-2 विकेट लिए।
मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले नरसिंह को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इसी तरीके पूरी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अवध के यशवर्धन नेगी को प्लेयर ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट विकेट कीपर का खिताब दिया गया। जबकि अक्षत ने बेस्ट बॉलर का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन के मुख्य अतिथि रहे नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।