अंबेडकरनगर। जिले को कोरोना मुक्त करने के लिए मंगलवार से न सिर्फ बूथों पर, बल्कि प्रत्येक ब्लॉक के चार चार गांवों में वैक्सीनेशन व रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हुआ। टीका लगवाने के लिए नागरिकों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए थे। 35 केंद्रों के 38 बूथों पर चले टीकाकरण अभियान में लगभग 1650 नागरिकों को टीका लगाया गया।
एक जून से प्रत्येक विकास खंड में चार-चार गांवों को चिह्नित कर वहां कोरोना टीकाकरण अभियान चलाए जाने का निर्देश शासन ने दिया था। शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के आधार पर मंगलवार को जिले में बड़े पैमाने पर वैक्सीन टीकाकरण अभियान चला। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिले के 35 केंद्रों के 38 बूथों पर वैक्सीनेशन हुआ। इस बीच 1650 नागरिकों को टीका लगाया गया।
बूथों पर पहुंचने वाले नागरिकों को टीका लगने में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी। शासन के दिशा निर्देशानुसार प्रत्येक विकास खंड के चिह्नित चार-चार गांवों में भी वैक्सीनेशन का कार्य चला। अकबरपुर विकास खंड के रामनगर नरसिंहपुर, भगवानपुर, बेलउवा बरियारपुर, कौरा गांव में खंड विकास अधिकारी अनुराग सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगाया। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने अपील की है कि कोरोना को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए बगैर किसी अफवाह में पड़े सभी लोग बढ़-चढ़कर टीका लगवाएं।