पालिका अध्यक्ष ने आरआई के निलंबन को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद टांडा में धार्मिक होर्डिंग व बैनर को कचरा उठाने वाले वाहन से ले जाने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने अलीगंज के पास वाहन रोककर शनिवार को प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। मामला संज्ञान में आने पर नगर पालिका अध्यक्ष शबाना खातून ने ईओ को पत्र लिखकर कार्य में लापरवाही बतरने पर आरआई राकेश कुमार गौरव को निलंबित करने के लिए शासन को पत्र लिखने का निर्देश दिया।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर टांडा नगर में भी तैयारी तेजी से चल रही है। शनिवार को नगर पालिका में कचरा उठाने वाले वाहन से धार्मिक पोस्टर व होर्डिंग ले जाए जा रहे थे। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। अलीगंज के पास वाहन को रोक कर हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सचिन यादव व सीओ संजयनाथ तिवारी मौके पर पहुंचे समझाने बुझाने का प्रयास किया। कार्यकर्ता अधिशासी अधिकारी को मौके पर बुलाने व माफी मांगने की जिद पर अड़ गए।
बाद में अधिशासी अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोबारा इस तरह की लापरवाही नहीं होगी। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी तय की जाएगी। इसके बाद मामला शांत हो सका। उधर पालिकाध्यक्ष शबाना नाज ने इस तरह की मनमानी पर कड़ी नाराजगी जतायी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के लिए शासन को पत्र भेजने का लिखित निर्देश दिया। (संवाद)