फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सख्ती के बीच 111 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा आज से

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के बीएन इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर होती आवश्यक तैयारी। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले के 111 परीक्षा केंद्र पर बृहस्पतिवार 24 से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा प्रारंभ होगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए 8 जोनल, 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती जहां की गई है, तो वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिले में कुल पांच संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्र हैं, जहां जिला प्रशासन द्वारा विशेष पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान नकल पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए 5 सचल दल का भी गठन किया गया है, जो लगातार एक केंद्र से दूसरे केंद्र पर पहुंचकर जांच करेगा। कुल 74 हजार 243 परीक्षार्थियों को परीक्षा देने का मौका मिलेगा। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय ने एक दिन पहले मंगलवार को सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया है।
विज्ञापन

दो वर्ष बाद एक बार फिर से यूपी बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से प्रारंभ होने जा रही है। दरअसल कोरोना संक्रमण के चलते बीेते दो वर्ष यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा नहीं हो सकी थी। बगैर परीक्षा के ही संबंधित कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा के लिए प्रमोट कर दिया गया था। अब जबकि कोरोना संक्रमण पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका है, तो ऐसे में शासन के निर्देश के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद ने एक बार फिर से यूपी बोर्ड परीक्षा कराए जाने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में 24 मार्च बृहस्पतिवार से जिले के 111 परीक्षा केंद्र पर दो पालियों में परीक्षा प्रारंभ होगी। हाईस्कूल की परीक्षा 8 बजे से सवा 11 बजे तक, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 2 बजे से सवा 5 बजे तक होगी। परीक्षा में कुल 74 हजार 243 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीआईओएस कार्यालय के राजेश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल के 37 हजार 767, जबकि इंटरमीडिएट के 36 हजार 476 परीक्षार्थी परीक्षा में पंजीकृत हैं।
पहले दिन होंगे यह पेपर
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार प्रथम पाली में हाईस्कूल इंटरमीडिएट के सैन्य विज्ञान व हाईस्कूल की हिंदी प्रारंभिक हिंदी विषय की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
विज्ञापन

प्रत्येक केंद्र पर होंगे स्टेटिक मजिस्ट्रेट
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार परीक्षा को नकलविहीन निपटाने के लिए 8 जोनल व 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 111 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे। जिले में कुल 5 संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्र चिंहित किए गए हैं। इन केंद्रों पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। परीक्षा के मुख्य गेट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो सुरक्षा की कमान संभालेंगे। इसके अलावा 5 सचल दल का गठन किया गया है, जो लगातार भ्रमण कर परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए विशेष नजर रखेंगे।
10 से 15 किमी दूर लग गई ड्यूटी
कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाए जाने में इस बार बड़ी समस्या सामने आई है। दरअसल इस बार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सभी शिक्षकों की सूची डीआईओएस कार्यालय से हासिल कर ली थी। इसके बाद कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी बोर्ड ने अपने अनुसार लगा दी। ऐसे में कई कक्ष निरीक्षक ऐसे हैं, जिनकी ड्यूटी 10 से 15 किमी दूर स्थित परीक्षा केंद्र पर लगा दी गई। इस संबंध में बुधवार को लगभग पूरे दिन संबंधित कक्ष निरीक्षक डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते रहे। एक कक्ष निरीक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनकी ड्यूटी लगभग 15 किमी दूर स्थित परीक्षा केंद्र पर लगा दी गई है। इससे उन्हें काफी समस्या का सामना करना पड़ेगा।
दूसरे चरण का पहुंचा प्रश्नपत्र
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए दूसरे चरण का प्रश्नपत्र बुधवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद से जिले को उपलब्ध हो गया। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार 12 अप्रैल तक चलने वाली परीक्षा के लिए कुल पांच चरण में प्रश्नपत्र आना है। पहले चरण का प्रश्नपत्र पहले ही जिले में पहुंच गया था। दूसरे चरण का प्रश्नपत्र बुधवार को जिले को उपलब्ध हो गया। सभी प्रश्नपत्रों को डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज में सुरक्षित रख दिया गया है। शीघ्र ही इन प्रश्नपत्रों को भी संबंधित परीक्षा केंद्र पर पहुंचा दिया जाएगा।
पूरी हुईं जरूरी तैयारियां
यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल व नकलविहीन निपटाने को लेकर सभी जरूरी तैयारियां एक दिन पहले पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्र पर आवश्यकतानुसार उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाने के साथ ही प्रश्नपत्र भी पहुंच गए हैं। परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। -प्रवीण कुमार मिश्र, डीआईओएस
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें