अंबेडकरनगर। कड़ी सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरे के बीच सोमवार से जिले के चार मूल्यांकन केंद्रों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ हुआ। पहले दिन कुल 37 हजार 420 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। उधर, डीआईओएस कार्यालय ने सुचारु रूप से मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ होने का दावा किया है।
जिले के चार मूल्यांकन केंद्रों पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ हुआ। गौरतलब है कि जिले के चार मूल्यांकन केंद्र बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज शहजादपुर, सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर व रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन में 16 मार्च से 26 मार्च तक यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 16 मार्च से 26 मार्च तक होना है। इस दौरान 2011 परीक्षकों द्वारा 4 लाख 5 हजार 522 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
सोमवार को पहले दिन कुल 37 हजार 420 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। बीएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बिपिन सिंह ने बताया कि पहले दिन इंटरमीडिएट की कुल 5 हजार 166 कापियों का मूल्यांकन हुआ। यहां 1 लाख 235 कापियों का मूल्यांकन होना है। डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विनय सिंह ने बताया कि हाईस्कूल की 19 हजार 738 कापियों का मूल्यांकन हुआ। यहां 1 लाख 30 हजार 287 कापियों का मूल्यांकन होना है। सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर के प्रधानाचार्य रामराज ने बताया कि इंटरमीडिएट की 2 हजार 773 कापियों का मूल्यांकन हुआ। यहां 85 हजार कापियों का मूल्यांकन होना है।
रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन के प्रधानाचार्य अशोक वर्मा ने बताया कि हाईस्कूल की 90 हजार उत्तर पुस्तिकाओं के सापेक्ष पहले दिन 9 हजार 743 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। उधर डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि सुचारु रूप से सभी चार केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ हुआ। कहीं से किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई।