जलालपुर। थाना क्षेत्र मालीपुर के आजनपारा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के 14 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया जहां से चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
आजनपारा गांव निवासी लालजी एवं कृष्ण यादव के बीच एक भूखंड को लेकर लंबे से विवाद चल रहा है। लालजी के अनुसार रविवार सुबह वह अपनी भूमि पर साफ-सफाई करने के लिए पहुंचा जबकि कृष्ण के अनुसार विपक्षी द्वारा एतराज किया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। इस बीच दोनों पक्षों के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे की पिटाई शुरू कर दी। इससे वहां चीखपुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। मारपीट में लालजी पक्ष की तरफ से लालजी, पूनम, कंचन, चंद्रेश विद्यावती, राजेंद्र यादव, अंकुर शोभावती, जबकि कृष्ण यादव पक्ष से कृष्ण यादव, माधुरी, निशा, राजेश, अर्चना व राधेश्याम को गंभीर चोटें आई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नगपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां से पूनम, लालजी, माधुरी व निशा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में दोनों पक्षों ने तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।