अंबेडकरनगर। भीटी और इब्राहिमपुर क्षेत्रों में दो महिलाओं की पिटाई कर बच्चों समेत घर से निकाल दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। भीटी क्षेत्र के परवर भारी गांव की वहीदुल निशा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका निकाह 15 वर्ष पूर्व नाज अहमद उर्फ सूफी से हुआ था। शादी में पिता ने 50 हजार रुपये नकद, सोने की सीकड़, बर्तन, फर्नीचर समेत अन्य सामान दिए थे। निकाह के बाद से बाइक की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे।
आरोपी है कि पति के एक अन्य महिला से अवैध संबंध हैं, इसलिए वह वहीदुल काे दूसरी शादी की धमकी देने लगा। बीते साल 24 दिसंबर की सुबह पति और ससुरालवालों ने महिला को पीटकर उसका सारा सामान छीनकर दो बच्चों समेत घर से निकाल दिया। थाने पर सुनवाई न होने पी पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर महिला थाने में सोमवार को पति समेत अन्य लोगों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है। महिला थाना प्रभारी शिवांगी त्रिपाठी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसावा की नजराना बानो ने पुलिस को शिकायत की कि 15 मार्च की रात पति गुलाम मुर्तजा व उसकी मांग ने पिटाई की। इसके बाद महिला व उसके बेटे को घर से निकाल दिया। साथ ही तीन तलाक की धमकी भी दे रहे हैं। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।