अंबेडकरनगर। जिले के अलग-अलग क्षेत्र से दो किशोरियाें का अपहरण होने का मामला सामने आया है, जबकि एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की है।
महरुआ की एक महिला के मुताबिक, वह रिश्तेदारी में मृत्यु होने पर अयोध्या जिले के जाना बाजार गई थीं। उनकी बड़ी बेटी दवा लेने गई थी। उसी समय गांव के अंकित व कन्हैया उनकी 15 वर्षीय पुत्री को गाड़ी पर बैठाकर अपहरण कर ले गए। आरोपियों के रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर धमकी दी गई। वहीं, महरुआ के एक व्यक्ति के मुताबिक, 12 दिसंबर को सुबह करीब 10 बजे उनकी 17 वर्षीय पुत्री घर से बिना कुछ बताए चली गई। गांव की ही शिवानी उनकी बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति से फोन पर बात कराती थी। आरोप है कि गांव का ही अंकेश उनकी पुत्री को अपहरण कर ले गया है। एसओ यादवेंद्र सोनकर ने बताया कि दोनों किशोरियों की तलाश शुरू की गई है। सम्मनपुर के व्यक्ति के मुताबिक, 13 दिसंबर को दोपहर करीब एक बजे उनकी 23 वर्षीय पुत्री घर पर बिना कुछ बताए कहीं चली गई। तीनों मामलाें में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।