टूटे बिजली खंभे को हटाते बिजलीकर्मी।
संवाद न्यूज एजेंसी बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के हंसवर मोड़ पर स्थित बिजली उपकेंद्र मकोईयां के निकट शनिवार सुबह छह बजे निजी बस अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे खाई में पलट गई। गनीमत रही कि बस में केवल चालक और परिचालक ही सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बस की चपेट में आने से दो बिजली के खंभे टूट गए। इससे करीब 60 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता ने बस मालिक के खिलाफ सरकारी संपत्ति क्षतिग्रस्त करने की तहरीर दी है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। अशरफपुर किछौछा दरगाह से प्रतिदिन साढे़ छह बजे गोरखपुर के लिए निजी बस संचालित होती है। शनिवार सुबह बस बरात को छोड़कर हंसवर मार्ग के रास्ते किछौछा दरगाह आ रही थी। मकोईया बिजली घर के निकट तेज रफ्तार की वजह से बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। बस के पलटने से अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने बस के अंदर से चालक और परिचालक को बाहर निकाला। दोनोंं को मामूली चोटें आईं।
गनीमत रही कि दुर्घटना के समय बिजली की सप्लाई बंद थी, वरना बड़ा हादसा हो जाता। बिजली का खंभा टूटने से मकरही व हंसवर बिजली फीडर से संचालित सेगोहिला, मकोईयां, चककटोखर, मूसेपुर कलां, गोकुलपुर, मकरही, केवटला, सैदपुर लेड़ुवाडीह, ढेकवा बहाउद्दीनपुर, हिसामुद्दीन पिपरा, मकरही साहित लगभग 60 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
ग्रामीणों ने बस के पलटने की सूचना पुलिस को दी। खंभा टूटने की खबर मिलते ही बिजलीकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। तारों को एकत्र करने के साथ ही टूटे बिजली खंभों के स्थान पर नए बिजली के खंभे लगाए गए। शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
उधर, अवर अभियंता मोहम्मद शाहबुद्दीन ने जहांगीरगंज थाने के मंसूरगंज बस मालिक प्रमोद जायसवाल के खिलाफ बसखारी थाने पर प्रार्थनापत्र देकर बताया कि खंभे व तार टूटने से बिजली विभाग को लगभग एक लाख 26 हजार रुपये की हानि हुई है। थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि जेई की तहरीर पर केस दर्ज कर बस को अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिशाषी अभियंता एके यादव ने बताया कि कर्मचारी तेजी से काम कर रहे हैं। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।