आग लगने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण।
अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र आलापुर में एक टेंट हाउस की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते दुकान से तेज लपटें उठना शुरू हो गईं। इस दौरान दुकान में मौजूद एक महिला की जलकर मौत हो गई। ग्रामीणों व दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के अखलासपुर गांव में मिथलेश चौहान की टेंट हाउस की दुकान है। शनिवार की दोपहर दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। दुकान में कपड़ों के पर्दे व पंडाल रखे होने की वजह से तेज लपटें उठना शुरू हो गईं। इस दौरान दुकान में मौजूद टेंट हाउस संचालक वंदना लपटों से घिर गईं। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। वहीं, लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
शार्टसर्किट से आग लगने की चर्चा है। सूचना पर एसडीएम सुभाष सिंह और सीओ आरबी सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।