मामूली विवाद में भिड़े दो पक्ष, तीन घायल
अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत लोरपुर में मंगलवार देर शाम मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें तीन व्यक्तियों को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी शाहिद व शकील के बीच नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। आरोप है कि शकील पक्ष के लोगों ने घर के सामने से गुजर रही नाली को मिट्टी डालकर पाट दिया, जिससे जलनिकासी अवरुद्ध हो गई। इस पर शाहिद पक्ष ने विरोध किया। आरोप है कि इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में लाठी डंडे चलने लगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। चीख पुकार व गुहार पर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मारपीट में शाहिद (32), शकील (36) व गुड्डू (18) को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। उधर कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। (संवाद)