अंबेडकरनगर। लगभग 10 साल बीत जाने के बाद भी अब तक जिले के इधना व रामनगर में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज का संचालन नहीं हो सका है। पहले इनके निर्माण में लापरवाही बरती गई, तो अब जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हो सकी हैं। नतीजा यह है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज में बेहतर शिक्षा हासिल करने की उम्मीद लगाए छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों को तगड़ा झटका लगा है। हालांकि डीआईओएस कार्यालय के अनुसार आगामी नए शिक्षा सत्र में दोनों इंटर कॉलेजों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।
छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा हासिल हो सके, इसके लिए वर्ष 2010-11 में तीन मॉडल स्कूलों खजूरडीह, जाफरगंज व रामनगर तथा वर्ष 2011-12 में इधना में मॉडल स्कूल के निर्माण को तत्कालीन बसपा सरकार ने मंजूरी प्रदान की थी। दो करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रत्येक मॉडल स्कूल के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था पैक्सफेड को सौंपी गई। केंद्र में भाजपा सरकार बनने पर इन मॉडल स्कूलों का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल राजकीय इंटर कॉलेज कर दिया गया। शुरुआती दौर से ही कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण में लापरवाही बरती जाने लगी। कभी मानकों की अनदेखी की शिकायत सामने आती, तो कभी धनाभाव के चलते निर्माण कार्य गति नहीं पकड़ सका।
शासन के सख्त रुख के बाद खजूरडीह व जाफरगंज में मॉडल इंटर कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ। साथ ही 2019 में आधी अधूरी व्यवस्थाओं के बीच इन दोनों इंटर कॉलेजों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया। कक्षा 6 से 12 तक संचालित इन कॉलेजों के संचालन का संबंधित क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को लाभ भी मिला। शासन के तमाम दिशा निर्देश के बाद भी मॉडल स्कूल इधना व रामनगर का संचालन अब तक नहीं हो सका। ऐसे में मॉडल स्कूल में पढ़ने का सपना देखने वाले संबंधित क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को तगड़ा झटका लगा।
जल्द कराया जाए कॉलेजों का संचालन
जलालपुर तहसील क्षेत्र के राजेश कुमार व संदीप ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इधना में मॉडल इंटर कॉलेज का निर्माण जब प्रारंभ हुआ था, तो अत्यंत खुशी हुई थी। लगा कि इसका छात्र-छात्राओं को व्यापक लाभ मिलेगा। लगभग 10 वर्ष हो गए, लेकिन अब तक इसका संचालन नहीं हो सका। छात्र-छात्राओं के हित को देखते हुए नए शिक्षा सत्र में संचालन किया जाए। रामनगर के घनश्याम, संतोष व राजकुमार ने कहा कि 10 वर्ष से अधिक बीत गए, लेकिन अब तक स्कूल का संचालन नहीं हो सका। इससे संबंधित मॉडल इंटर कॉलेज में बेहतर शिक्षा हासिल करने का छात्रों का सपना टूटता नजर आ रहा है। जिम्मेदारों को चाहिए कि जरूरी व्यवस्था कर इनका संचालन अविलंब कराया जाए।
नए शिक्षा सत्र में होगा संचालन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज इधना व रामनगर का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नए शिक्षा सत्र में इन दोनों कॉलेजों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
-आनंदकर पांडेय, प्रभारी डीआईओएस