बसखारी। रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों को हंसवर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी में एक बदमाश के पास से तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार एक बदमाश के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट समेत बसखारी व हंसवर थाने में कुल सात मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे बदमाश के खिलाफ हंसवर थाने में तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। दोनों बदमाश खान मुबारक व माफिया परवेज के गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बीती चार जून को बदमाश प्रयास तथा अभिषेक सिंह ने ओवरटेक कर गोकुलपुर निवासी रामफेर को हरसम्हार के निकट रोक लिया और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे डरा-सहमा पीड़ित आननफानन में हंसवर थाने पहुंचा और तहरीर देकर दोनों बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कराया। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई थी कि इस बीच पांच जून को बदमाश प्रयास व दिनेश उर्फ भोला यादव निवासी डड़वा ने शकील हत्याकांड का मुख्य गवाह व शकील का पुत्र हरसम्हार निवासी फैसल के बरही तिराहे के निकट तमंचा सटा दिया और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर संबंधित रकम बदमाश दिनेश यादव के घर नहीं पहुंची तो अंजाम भुगतने को तैयार रहे। फैसल ने भी हंसवर थाने में दोनों बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छानबीन का दायरा बढ़ा दिया। बताया जाता है कि शनिवार को ही मुखबिर की सूचना पर हंसवर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लखनपुर चौराहे से बदमाश प्रयास को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए, जबकि आरोपी दिनेश उर्फ भोला यादव को पुलिस ने उसके घर से धर दबोचा। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश खान मुबारक व माफिया परवेज के गिरोह से जुड़े हैं।
पुलिस के अनुसार बदमाश प्रयास के विरुद्ध बसखारी थाने में गैंगेस्टर एक्ट के अलावा छह अन्य मामले बसखारी व हंसवर थाने में दर्ज हैं, जबकि दिनेश कुमार यादव उर्फ भोला के विरुद्ध हंसवर थाने में तीन मामले पंजीकृत हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामलेे में फरार एक आरोपी अभिषेक सिंह की तलाश की जा रही है।