सद्दरपुर। जिले में बीते दिनों हुए अलग-अलग सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल कांवड़िये समेत दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना में पांच दिन से जिंदगी और मौत से जूझ रहे सुरहुरपुर निवासी श्रीप्रकाश पांडेय (45) ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी घटना में कांवड़ लेकर अयोध्या जा रहे फरीदपुर कला निवासी रक्षाराम विश्वकर्मा (21) की वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा है।
मालीपुर के सुरहुरपुर बाजार में नौ अगस्त की रात करीब 12:30 बजे ट्रेन से मालीपुर स्टेशन उतरकर पैदल घर जा रहे श्रीप्रकाश को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी नगपुर, जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बाद में लखनऊ रेफर किया गया। परिजन उन्हें अलीगंज के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को मौत की खबर गांव पहुंचते ही पत्नी रश्मि पांडेय बेसुध हो गईं। श्रीप्रकाश परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनकी बड़ी बेटी श्रद्धा बीए, बेटा दीपक हाईस्कूल और छोटा बेटा छोटू कक्षा चार का छात्र है। थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरा हादसा बृहस्पतिवार दोपहर एनएच-233 पर देवहट के पास हुआ था। इब्राहिमपुर क्षेत्र के फरीदपुर कला निवासी रक्षाराम विश्वकर्मा अपनी मौसी के बेटे रामरतन के साथ कांवड़ लेकर अयोध्या जा रहे थे। देवहट के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया था। हादसे में रक्षाराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मेडिकल कॉलेज से लखनऊ ले जाते समय उनकी मौत हो गई। सूचना पर पिता ओमप्रकाश, मां फूलकुमारी और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वाहन की टक्कर से युवक घायल
जलालपुर। जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर नवानगर के पास बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी नगपुर पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
श्रीप्रकाश पांडेय (फाइल फोटो)