अक्षय तृतीया पर्व के दूसरे दिन शनिवार को भी जिले का सराफा बाजार पूरे दिन ग्राहकों से गुलजार रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सराफा दुकानों पर पहुंचकर सोने व चांदी के आभूषण की खरीददारी की।
शनिवार को लगभग सवा दो करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। आभूषणों की खरीददारी के साथ साथ लोगों ने पूजन अर्चन के साथ साथ दान भी किया। शुक्रवार को पहले दिन ही बड़ी संख्या में लोगों ने सराफा दुकानों पर पहुंचकर मनपसंद आभूषणों की खरीददारी की थी।
यह अलग बात है कि लोगों का रूझान हल्के व आकर्षक डिजाइन वाले आभूषण की तरफ अधिक रहा। पहले दिन जिले में लगभग 2 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। शनिवार को दूसरे दिन भी सराफा बाजार में सुबह से ही रौनक छाई रही। न सिर्फ शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने सराफा दुकानों पर पहुंचकर सोने व चांदी के आभूषण की खरीददारी की।
शहजादपुर के युवा सराफा व्यवसायी विशु सोनी ने कहा कि पर्व के दूसरे दिन भी लोगों का रूझान हल्के व आकर्षक डिजाइन वाले आभूषणों की खरीददारी पर अधिक रहा।
वाराणसी व कानपुर के बने आभूषणों की बिक्री अधिक हुई। सराफा व्यवसायी राजकुमार ने कहा कि सोने की चेन व अंगूठी की बिक्री अधिक हुई।
हार भी बिके, लेकिन कम वजन वाले हारों की खरीददारी ज्यादा की गई। सराफा व्यवसाई वीरेंद्र सेठ ने बताया कि जिले में शनिवार को सवा दो करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार रहा। अक्षय तृतीया पर्व को लेकर लोगों में भी उत्साह का माहौल दिखा।
अकबरपुर के सोमदेव वर्मा ने कहा कि अक्षय तृतीया के दिन आभूषण खरीदना उनके लिए सदैव शुभ रहा। इसे देखते हुए उन्होंने सोने की चेन व अंगूठी खरीदी। कटेहरी की मंजू लता व सुरभि ने कहा कि उन्होंने सोने की चेन खरीदी है। वे प्रत्येक वर्ष अक्षय तृतीया के दिन आभूषण जरूर खरीदती हैं।
जलालपुर के अभिमन्यु सिंह व टांडा के सौरभ ने कहा कि अक्षय तृतीया के दिन आभूषण खरीदने से वर्ष भर घर में धन की कमीं नहीं रहती। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी उन्होंने आभूषण की खरीददारी की।