बसखारी थाना अंतर्गत किछौछा में सोमवार पूर्वाह्न तन्नू मियां के उर्स पर निकले चादर जुलूस में हर्ष फायरिंग में एक अधेड़ व्यक्ति को गोली लग गई। हर्ष फायरिंग का आरोपी और घायल के अलग-अलग वर्ग का होने से किछौछा में जमकर बवाल हुआ।
दोनों पक्षों के लोगों में जमकर मारपीट हुई और लोगों ने पथराव के साथ ही एक-दूसरे के घरों व दुकानों में जमकर तोड़फोड़ भी की। बाजार, स्कूल-कॉलेज व बैंक बंद हो गए। विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह में सालाना उर्स के समापन पर किछौछा बाजार स्थित तन्नू मियां की मजार पर उर्स का आयोजन होता है।
इसी क्रम में सोमवार सुबह मजार से चादर जुलूस निकला। जुलूस निषाद नगर पहुंचा तो उस्मान अंसारी व उसके पुत्र ने लाइसेंसी असलहे से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच उस्मान के असलहे से चली गोली वहां मौजूद रामपूजन निषाद (50) के दाएं कंधे के नीचे जा लगी।
लोगों ने रामपूजन को बसखारी सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने रामपूजन को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। हर्ष फायरिंग के आरोपी और घायल के अलग-अलग वर्ग से जुड़ा होने के कारण मामले ने तूल पकड़ लिया।
गुस्साई भीड़ का आक्रोश देख आरोपी उस्मान ने अपनी दुकान का शटर अंदर से बंद कर लिया। भीड़ आरोपी को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी, इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भी एकजुट हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे की दुकानों व घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
देखते ही देखते किछौछा बाजार पूरी तरह से बंद हो गया। डीएम अखिलेश सिंह व एसपी सुधीर सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। हर्ष फायरिंग में रामपूजन के घायल होने और फिर बस्ती में घुसकर तोड़फोड़ करने से नाराज महिलाओं ने बच्चों के साथ किछौछा बसखारी मार्ग जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। इस बीच डीएम वहां पहुंचे तो भीड़ ने उनके वाहन को किछौछा जाने से रोक दिया। अधिकारियों के समझाने पर भी जब जाम नहीं हटा, तो डीएम पैदल ही किछौछा बाजार का जायजा लेने चले गए। बाद में टांडा विधायक संजू देवी किछौछा पहुंचीं।
उन्होंने डीएम व एसपी की मौजूदगी में आक्रोशित लोगों से वार्ता की और उन्हें प्रभावी कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खत्म कराया। एसपी सुधीर सिंह ने बताया कि, चादर जुलूस के दौरान हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगी थी। घटना के बाद दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस व पीएसी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। समझाने पर जाम समाप्त हो गया। केस दर्ज कराकर मामले में समुचित कार्रवाई कराई जा रही है।