अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 9वीं किस्त खाते में पहुंचने से किसानों में खुशी की लहर है। जिले के लगभग ढाई लाख किसानों को इसका लाभ मिला है। दो-दो हजार रुपये खाते में आने से किसानों को काफी उम्मीदें जगी हैं। कोई धान की फसल में उर्वरक डालने की तैयारी में है तो कोई बच्चों की फीस जमा करने की। मंगलवार को टीम ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किसानों से बातचीत की तो बड़ी संख्या में किसानों ने सरकार की इस योजना की प्रशंसा की। साथ ही किसानों ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए राशि में वृद्धि किए जाने की भी मांग की।
केंद्र सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने व आर्थिक मदद मुहैया कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की है। दो-दो हजार की तीन किस्तों में मिलने वाली 6 हजार की राशि से किसान न सिर्फ अपने खेती के कार्यों को कर रहे हैं, बल्कि अन्य घरेलू कार्यों में भी मदद मिल रही है। इससे किसानों में सरकार की इस योजना को लेकर काफी उत्साह है।
सोमवार को जब जिले के लगभग ढाई लाख किसानों के खाते में 2 हजार रुपये की 9वीं किस्त पहुंची तो गरीब तबके के किसानों में खुशी छा गई। मंगलवार को धनराशि निकालने के लिए बैंकों, ग्राहक सेवा केंद्रों व जनसेवा केंद्रों पर ऐसे किसानों की भीड़ भी दिखाई पड़ी। कारण यह कि कई किसान धनाभाव के चलते उधार पैसा लेकर अपना काम चलाते हैं। ऐसे में जब खाते में राशि पहुंची तो वह उसकी निकासी कर उधारी चुकता करने के लिए बैंक पहुंच गए।
किसान बोले, सरकार की योजना काफी लाभदायक
अकबरपुर नगर के बनगांव रोड स्थित जनसेवा केंद्र पर मिले अकबरपुर निवासी किसान रामजी ने बताया कि सोमवार की शाम उनके मोबाइल पर संदेश आया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 2 हजार रुपये की रकम पहुंच गई है। उन्हें अपने धान की फसल में खाद डालने की जरूरत है। धनाभाव के चलते संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में अब पैसा आ गया है तो खाद डालने में मदद मिली है। कटरिया सम्मनपुर निवासी अंगद जायसवाल ने बताया कि उनके पिता रामजीत के खाते में 2 हजार रुपये आ गए हैं। कहा कि सरकार की यह योजना किसानों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है। जरूरत है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए इस राशि में बढ़ोत्तरी की जाए। इसी गांव की मंगला शर्मा, रामलौट शर्मा, रामतीरथ धुरिया, अवधेश, रामचरित्र के भी खाते में धनराशि आ गई है। किसान अब धान की फसल में खाद डालने व उधारी चुकता करने में जुट गए हैं।
वंचित किसान कार्यालय से करें संपर्क
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 9वीं किस्त उनके खाते में पहुंच गई है। लगभग ढाई लाख किसानों को योजना का लाभ मिलने का अनुमान है। फाइनल सूची दो-तीन दिन में पोर्टल पर अपलोड हो जाएगी। योजना से जो किसान वंचित हैं, उन्हें इसका लाभ दिलाने का कार्य लगातार जारी है। वंचित किसान कार्यालय से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
-पीयूष राय, जिला कृषि अधिकारी