बसखारी (अंबेडकरनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रुद्रपुर भगाही के पास बीती रात को एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। ट्रक पलटने से ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल क्लीनर को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मध्य प्रदेश प्रांत के रीवा जनपद अंतर्गत स्वांगी थाना क्षेत्र निवासी अमरजीत यादव (25) बीते गुरुवार को जहांगीरगंज बाजार में ट्रक से लोहे की सरिया लेकर गया था। बताया जाता है कि देर शाम सरिया खाली करने के बाद वापस लौट रहा था। रुद्रपुर भगाही के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित पेड़ से टकराकर पलट गया। पेड़ से टक्कर इतना भीषण हुई कि ट्रक चालक अमरजीत की स्टेयरिंग में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाएं तरफ बैठा क्लीनर विपिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर उप निरीक्षक अनिल वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक से घायल व शव को बाहर निकलवाकर तत्काल बसखारी सीएचसी पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने अमरजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि क्लीनर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उधर मृतक के शव को पुलिस ने बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का उपचार चल रहा है।