अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय पर श्रद्धांजलि देते अग्निशमन द्वि
अंबेडकरनगर। अग्निशमन विभाग की ओर से मंगलवार को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया गया।। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की ओर से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें आग से बचाव और आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान स्मृति परेड और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। अग्निशमन सेवा में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अग्निशमन कार्यालय अकबरपुर के अग्निशमन अधिकारी द्वितीय सचिन शर्मा के नेतृत्व में अग्निशमन टीम ने अग्नि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की। स्मृति परेड के माध्यम से शहीद कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बताया कि 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इसमें अग्निशमन कर्मचारियों की ओर से शहर व क्षेत्र के गांवों में जाकर लोगों को आग से सुरक्षा और बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह स्मृति दिवस 14 अप्रैल 1944 में मुंबई बंदरगाह पर हुए हादसे में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की याद में मनाया जाता है। फोर्टस्टीकेन नामक मालवाहक जहाज, जिसमें रुई की गांठे, विस्फोटक व युद्ध उपकरण भरे हुए थे। इसमें अकस्मात आग लग गई थी। आग बुझाते समय जहाज में विस्फोटक सामग्री होने के कारण 66 अग्निशमन कर्मी आग की चपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए थे। आगामी पूरे सप्ताह के दौरान स्कूल, काॅलेज सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि आगजनी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। इस मौके पर फायरमैन अभिषेक सिंह, विनोद सिंह, सुनील मौर्या, विपिन यादव, राजन यादव सहित अन्य फायरमैन व कर्मचारी मौजूद रहे। जलालपुर, टांडा और आलापुर में भी विभागीय अधिकारियों ने अग्निशमन सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
एनटीपीसी में अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ
विद्युतनगर। एनटीपीसी टांडा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की अग्निशमन शाखा की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया। संचालन करते हुए सहायक कमांडेंट एम दानय्या ने अग्नि सुरक्षा जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सप्ताह भर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।