अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र के ग्राम छवनिया संघतिया शहजादपुर निवासी विशाखा किन्नर ने भीटी में दूसरे गुट की ओर से लूट और धमकी के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। बृहस्पतिवार शाम शहर कोतवाली में किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मामले का निस्तारण कराने का आश्वासन देकर शांत कराया है।
विशाखा ने बताया कि 15 फरवरी को अपने जजमानी क्षेत्र सेनपुर थाना भीटी से बधाई मांगकर लौट रही थीं। रास्ते में भीटी पुलिस ने उनकी गाड़ी रोकी। इसी दौरान चार वाहनों से आए लगभग 20–25 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि विपक्षी पायल, रतना, नतासा, आलिया तथा अन्य अज्ञात ने मिलकर करीब 10 हजार रुपये नकद व जेवरात छीन लिए। गाली-गलौज करते हुए दोबारा क्षेत्र में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने दावा किया है कि घटना भीटी क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने आश्वासन दिया कि दो दिन में भीटी थाने में दोनों पक्षों के मध्य बैठक कराकर प्रकरण का निस्तारण किया जाएगा। इस आश्वासन पर किन्नर शांत हो गए।