अंबेडकरनगर में एसबीआई की कृषि शाखा पर शुक्रवार को खड़े उपभोक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
धननिकासी के संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं को उस समय और भी झटका लगा जब एसबीआई की मुख्य शाखा व पटेलनगर स्थित कृषि शाखा का सर्वर फेल हो गया। इससे लेनदेन का कार्य पूरी तरह ठप हो गया, जो बैंक बंद होने तक नहीं शुरू हो सका। नतीजतन दोनों बैंकों में पहुंचे लगभग दो हजार उपभोक्ताओं को निराश हो लौटना पड़ा। कार्य न होने से लगभग 1 करोड़ रुपये के लेनदेन का कार्य प्रभावित हुआ।
शुक्रवार को धननिकासी की उम्मीद लिए एसबीआई मुख्य शाखा व पटेलनगर स्थित एसबीआई कृषि शाखा पहुंचे उपभोक्ताओं को उस समय तगड़ा झटका लगा, जब सुबह लगभग एक घंटा कार्य होने के बाद दोनों ही बैंकों में सर्वर फेल हो गया।
धननिकासी की उम्मीद लगाए उपभोक्ता लाइन लगाए खड़े रहे, लेकिन बैंक बंद होने तक समस्या जस की तस रही। नतीजा यह रहा कि दोनों ही बैंकों में धननिकासी व जमा करने के लिए पहुंचे लगभग दो हजार उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा। लेनदेन का कार्य न होने से लगभग 1 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
एसबीआई मुख्य शाखा में धननिकासी के लिए पहुंचे निनावा के रामपूजन व कबीरपुर की प्रेमादेवी ने कहा कि वह सुबह साढ़े दस बजे ही लाइन में लग गए थे। लगभग 11 बजे जानकारी दी गई कि सर्वर फेल हो गया है। खराबी ठीक होने की उम्मीद में वे दो बजे तक लाइन में लगे रहे लेकिन धननिकासी की उम्मीद न होने पर वापस जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
रामपुर सकरवारी के अभिमन्यु व गदाया के शबीह ने कहा कि तीन घंटे तक इंतजार के बाद भी जब धननिकासी नहीं हो सकी, तो उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। एसबीआई कृषि शाखा धननिकासी के लिए पहुंचे मिर्जापुर के किसान लालता प्रसाद व फरीदपुर के जगन्नाथ ने कहा कि बड़ी उम्मीद के साथ आए थे, लेकिन चार घंटा लाइन में लगने के बाद भी खराबी दूर नहीं हो सकी।