स्थानीय थाना क्षेत्र के बुढनापुर गांव में करंट की चपेट में आने से बुधवार को प्रशिक्षु शिक्षक की मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। बुधवार सुबह रजनीश (28) पुत्र मनीराम फसल की सिंचाई करने के लिए मोटर चालू कर रहा था।
मोटर स्टार्ट नहीं हो रहा था। इस पर वह फाल्ट ठीक करने का प्रयास करने लगा। बताया जाता है कि अचानक मोटर में करंट उतर जाने से वह करंट की चपेट में आ गया। वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह उसे मोटर से अलग किया।
आननफानन में निजी वाहन की व्यवस्था कर उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि रजनीश बीते दिनों परिषदीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात हुआ था। इन दिनों उसका प्रशिक्षण चल रहा था।