जलालपुर कस्बे मे सोमवार शाम करीब चार बजे लगा जाम।संवाद
जलालपुर।नगर पालिका क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार शाम करीब चार बजे कस्बे में भीषण जाम लग गया। यह लगभग एक घंटे से अधिक समय तक बना रहा। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।
जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह और जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को नियंत्रित कराया और धीरे-धीरे जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों को राहत मिली।
स्थानीय लोग छोटू सोनी, संतोष, विकास निषाद के अनुसार, कस्बे में बड़ी गाड़ियों की आवाजाही जाम का मुख्य कारण बन रही है। कम दूरी होने के कारण भारी वाहन जलालपुर से सुरहुरपुर मार्ग होते हुए शाहगंज और जौनपुर की ओर जाते हैं। इसी मार्ग पर दबाव बढ़ने से अक्सर ट्रैफिक बाधित हो जाता है। राजकुमार व रोहित कुमार का कहना है कि जब तक जलालपुर कस्बे के लिए बाईपास नहीं बनाया जाता, तब तक जाम की समस्या बनी रहेगी। कस्बे की आबादी 50 हजार से अधिक है और मुख्य मार्ग से ही भारी वाहनों का दबाव बना रहता है।
जाम का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। सीएससी नगपुर जलालपुर जाने वाली 108 एंबुलेंस कई बार जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि टर्निंग पॉइंट और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर रहती है। बड़ी गाड़ियों के आने-जाने के शेड्यूल में बदलाव के कारण यह समस्या अधिक हो रही है।