श्रवणक्षेत्र (अंबेडकरनगर)। परीक्षा देने के लिए बाइक से जा रहे इंटरमीडिएट के छात्रों को कौड़हा बाजार के निकट गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया, जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अभिरक्षा में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
अहिरौली थाना क्षेत्र के रानीपुर मोहन गांव निवासी ओमदीप (17) व राजेश (18) शनिवार दोपहर इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए एक ही बाइक से संबंधित परीक्षा केंद्र जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वे दोनों कौड़हा बाजार के निकट पहुंचे, तभी उधर से गुजर रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया। हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
इससे पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक भाग पाता, वहां मौजूद लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। गंभीर हालत में दोनों छात्रों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओमदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अभिरक्षा में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। एसओ अहिरौली प्रदीप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।