अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफ़ातगंज बाजार में गुरुवार शाम लोहे के रॉड से हमलाकर एक युवा पटरी दुकानदार की हुई हत्या से हड़कंप मच गया। घटना के बाद भाग रहे हत्या के अरोपी को मौजूद लोगों ने मौके पर ही दौड़ाकर धर दबोचा। दबोचे युवक को जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले सौंप दिया गया। घायल हमलावर को पुलिस हिरासत में टांडा सीएचसी भेजा गया है। आरोपी की पहचान मृत दुकानदार के रिश्तेदार के तौर पर हुई है। शुरूआती पूछतांछ में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद आया है।
दौलतपुर डिहवा निवासी सुरेश (45) ने गुरुवार को इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफ़ातगंज कस्बा स्थित टीपू सुल्तान मार्केट के निकट फुटपाथ पर कपड़े की दुकान लगा रखी थी। गुरुवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण बाजार में काफी भीड़ भाड़ थी। इसी दौरान शाम को एक युवक वहां पहुंचा और लोहे की रॉड से सुरेश पर हमला बोल दिया। इसी दौरान आस पास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक आरोपी युवक ने दुकानदार के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसे लहूलुहान कर मौके भागने लगा। बेसुध सुरेश को टांडा सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बाजार में मौजूद लोगों ने हत्या के आरोपी को पकड़ कर जमकर पीटा और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान मृतक की बुआ के लड़के अच्छेलाल उर्फ गौतम (34) के बतौर हुई है। पिटाई से घायल हुए आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए टांडा सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने मृतक पटरी दुकानदार सुरेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ प्रमोद सिंह ने बताया कि शुरूआती जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद आया है। इसी से नाराज हो कर आरोपी गौतम ने घटना को अंजाम दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस इस मामले में केस दर्ज कार्रवाई में जुट गयी है।