अंबेडकरनगर। जिले में धान खरीद का कार्य सात मार्च को समाप्त हो जाएगा। अब तक जिले में 29 हजार 160 किसानों से एक लाख 41 हजार एमटी से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि जिले को एक लाख 58 हजार 400 एमटी का लक्ष्य मिला है। ऐसे में लक्ष्य की पूर्ति हो सकेगी या नहीं, यह 7 मार्च को ही साफ हो सकेगा। हालांकि धान की खरीद शत-प्रतिशत हो सके, इसके लिए धान खरीद का समय निर्धारित तिथि से एक सप्ताह बढ़ा दिया गया था। पहले धान खरीद का कार्य 28 फरवरी को समाप्त होना था, लेकिन बाद में किसानों के हित को देखते हुए एक सप्ताह बढ़ाकर सात मार्च तक खरीद निर्धारित की गई थी। समय बढ़ाए जाने का किसानों ने बढ़-चढ़कर लाभ भी उठाया।
जिले में धान खरीद का कार्य अब अंतिम समय में पहुंच गया है। वैसे तो धान खरीद 28 फरवरी तक ही होनी थी, लेकिन किसानों के हित को देखते हुए बीते दिनों खरीद की अंतिम तिथि बढ़ाकर सात मार्च कर दी गई थी। ऐसे में अब सात मार्च को धान खरीद समाप्त हो जाएगी।
धान की बिक्री करने में किसानों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो और जिले को मिले एक लाख 58 हजार 400 एमटी लक्ष्य को समय रहते पूरा किया जा सके, इसके लिए जिले में 5 एजेंसियों के कुल 81 क्रय केंद्रों की स्थापना की गई थी। शुरुआती दौर में तो खरीद को लेकर केंद्र प्रभारियों द्वारा लापरवाही बरती गई, लेकिन जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के सख्त रवैये के बाद खरीद में तेजी आई। इसी का नतीजा रहा कि 6 मार्च तक जिले के 29 हजार 169 किसानों से एक लाख 41 हजार 101 मीट्रिक टन से अधिक की खरीद हो चुकी थी।
खाद्य एवं विपणन अधिकारी कार्यालय के अनुसार 5 एजेंसी के 81 केंद्रों पर एक लाख 41 हजार 101 एमटी धान की खरीद हो चुकी है। इसमें खाद्य विभाग के 31 केंद्रों पर 15 हजार 470 किसानों का 78252.122 एमटी, पीसीएफ के 40 केंद्रों पर 11737 किसानों का 57629.187 एमटी, यूपीएसएस के 9 केेंद्रों पर 604 किसानों का 6486.520 एमटी, मंडी समिति के एक केंद्र पर 604 किसानों का 2950 एमटी व भारतीय खाद्य निगम के एक केंद्र पर 248 किसानों के 1186.280 एमटी धान की खरीद की जा चुकी है।
पूरा हो जाएगा लक्ष्य
धान खरीद का कार्य पहले 28 फरवरी तक होना था, लेकिन किसानों के हित को देखते हुए शासन के निर्देश पर समय सीमा बढ़ाकर सात मार्च तक कर दी गई थी। ऐसे में सात मार्च को धान खरीद का अंतिम दिन है। अंतिम दिन खरीद के लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
- राजेश कुमार, खाद्य एवं विपणन अधिकारी