सद्दरपुर। बसखारी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। मुजाहिदपुर के निकट अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सिद्धार्थनगर के टाइल्स ठेकेदार राकेश चौरसिया (23) की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
राकेश चौरसिया सिद्धार्थनगर जिले के चिलिया थाने के आमीर नौगढ़ के निवासी थे। वह ठेके पर टाइल्स लगवाने का काम करते थे। इन दिनों उनका काम मुंबई और वाराणसी में चल रहा था। बीते दिनों मुंबई से लौटने के बाद वह वाराणसी काम के सिलसिले में गए थे। शुक्रवार को वह बाइक से सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हुए थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसखारी के मुजाहिदपुर के पास यह दुर्घटना हुई। टक्कर लगने से वह बाइक सहित दूर जा गिरे। हेलमेट निकल जाने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एंबुलेंस की मदद से राकेश को सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने राकेश चौरसिया को मृत घोषित कर दिया।
मृतक राकेश चौरसिया अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई राजेश और राजन हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन करिश्मा भी इस घटना से बदहवास हैं। इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है, और तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।