हंसवर (अंबेडकरनगर)। हंसवर इलाके में पिछले तीन दिनों से स्कॉर्पियो में अवैध पिस्टल के साथ घूम रहे गाजियाबाद के तीन बदमाशों को शनिवार शाम पुलिस ने पाठक का पुरवा के पास से गिरफ्तार कर लिया। यह तीनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके पास से दो अवैध पिस्टल, तीन कारतूस के अलावा एक चाकू बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक अभिनेष कुमार शनिवार देर शाम पुलिस टीम के साथ गश्त पर निकले थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि काली रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर गाजियाबाद के चार बदमाश क्षेत्र में घूम रहे हैं। कुछ देर में बरही एदीलपुर बसखारी मार्ग से हरसम्हार नहर पटरी से गुजरने वाले हैं। सटीक सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया और घेराबंदी कर स्कॉपियो को रोक लिया। इस बीच एक बदमाश भाग निकलने में कामयाब रहा, जबकि अन्य तीनों को पुलिस ने दबोच लिया। इनकी पहचान गाजियाबाद के लिंकरोड थाने के डबल स्टोरी ब्रिज बिहार निवासी आकाश मिश्र (29), उसके छोटे भाई अमन मिश्र (21) व रामपुरी सूर्यनगर निवासी अमर पंडित (24) के रूप में हुई, जबकि भागे हुए आरोपी की पहचान सुल्तानपुर के कोतवाली नगर के विवेक नगर का कृष मिश्रा के रूप में हुुई। इन तीनों के पास से दो पिस्टल, तीन कारतूस, मोबाइल, चाकू व अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि ये हथियार और कारतूस उन्हें कृष मिश्रा ने मुहैया कराए थे।
कृष की तलाश में दी जा रही दबिश
तीनों ने स्वीकार किया कि ये हथियार हमेशा उनकी गाड़ी में रखे रहते थे और किसी अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गाजियाबाद से मंगलवार को निकलने के बाद सीधे सुल्तानपुर आए। वहां कृष को अपने साथ लेकर आजमगढ़ गए। इसके बाद बृहस्पतिवार को देवरिया और शुक्रवार को हंसवर पहुंचे थे। सीओ शुभम कुमार ने बताया कि तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। कृष की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद में पूर्व से एक-एक मामला दर्ज है।