जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। सड़क किनारे पत्तल बनाकर जीवन यापन करने वाले मुसहर समाज के तीन लोगों का छप्परनुमा आवास जलने से गृहस्थी नष्ट हो गई।
विज्ञापन
जहांगीरगंज कस्बे के पूर्वी छोर कम्हरिया घाट रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट सड़क किनारे छप्पर डाल कर झुग्गी नुमा आवास बना कर मुसहर समाज के राजेश, राका व शिवानी अपने स्वजनों के साथ रहते हैं और विपन्नता में खाने की पत्तल बनाकर जीवन यापन करते हैं। मंगलवार की शाम को तीनों के छप्पर में अचानक आग लग गई, जब-तक लोग कुछ समझ पाते तब तक तीनों का सब-कुछ जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। करीब 50 हजार का नुकसान बताया जाता है। मौके पर पहुंचे सभासद बाल गोविंद तिवारी ने पीड़ितों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। भाजपा नेता व्यापार मंडल जिला सचिव राजा बाबू गुप्ता ने एसडीएम ने मदद मुहैया कराने की मांग की। (संवाद)