अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र के मुबारकपुर में शनिवार देर शाम शौचालय निर्माण के दौरान छज्जा ढहने से निर्माण में लगे एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। आननफानन सभी घायलों को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वृद्ध की हालत नाजुक बनी हुई है।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी रामअजोर के घर में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा था। बताया जाता है कि शनिवार देर शाम अचानक निर्माणाधीन शौचालय का छज्जा ढह गया। इससे परिवार के रामअजोर (70), सुरेंद्र (55) व गीता (50) उसकी चपेट में आ गए।
हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मलबा हटाकर तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में तीनों लोगों को सीएचसी टांडा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि अस्पताल में बुजुर्ग की हालत नाजुक बनी हुई है।