अंबेडकरनगर। कोटवा महमदपुर में खराब ट्रांसफार्मर को बदले जाने के बावजूद अब तक आधा दर्जन से अधिक उपकेंद्रों की बिजली पटरी पर नहीं लौट सकी है। उपभोक्ताओं ने अविलंब बिजली व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले 19 दिन से आधा दर्जन उपकेंद्रों से अतिरिक्त कटौती की जा रही है। कारण यह है कि कोटवा महमदपुर में लगा 63 एमवी ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। उसे बदलने में लंबा समय लग गया। उम्मीद थी कि रविवार से बिजली आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। इसके बावजूद अब भी इन उपकेंद्रों से जुड़े लगभग तीन लाख उपभोक्ताओं को अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
कोटवा महमदपुर उपकेंद्र से जिले के करीब एक दर्जन उपकेंद्रों को बिजली सप्लाई होती है। बीती एक जून को अचानक उपकेंद्र में लगा 63 एमवी का एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसके चलते अकबरपुर, कटेहरी, भीटी, महरुआ, वैरमपुर बरवां व अशरफपुर बरवां आदि उपकेंद्रों की बिजली बेपटरी हो गई है।
पावर कॉर्पोरेशन इन उपकेंद्रों को किसी तरह कटौती कर बिजली सप्लाई कर रहा है। 19 दिन से कई-कई घंटे बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। पावर कॉर्पोरेशन ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया था कि रविवार से बिजली आपूर्ति पटरी पर लौट आएगी। सुबह 10 बजे से आपूर्ति बहाल होनी थी, परंतु पावर कॉर्पोरेशन की टीम आपूर्ति बहाल नहीं कर सकी। इससे उपभोक्ताओं को फिर घंटों आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। बिजली आपूर्ति पटरी पर न लौटने के चलते लगभग तीन लाख आबादी को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अकबरपुर उपकेंद्र के टाउन फीडर से जुड़े कटरिया, बरधाभिउरा, सोनगांव, अंधियरवा, अटंगी, मंगुरी, बदलपुर आदि गांवों के उपभोक्ता रामजीत, अरुण सिंह, मनोज कुमार आदि ने रात्रिकालीन कटौती बंद किए जाने की मांग की है। कहा कि 19 दिन से उन लोगों को विद्युत संकट से जूझना पड़ रहा है।
बिजली कब आएगी और कब जाएगी इसका कोई समय निर्धारण नहीं है। अशरफपुर बरवां उपकेंद्र से जुड़े अंकित सिंह, प्रमोद तिवारी व जगदंबा आदि भी बदहाल विद्युत आपूर्ति से परेशान हैं। भीटी, कटेहरी व महरुआ आदि उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं ने व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। उधर, कोटवा महमदपुर उपकेंद्र के सहायक अभियंता अजय कुमार का कहना है कि ट्रांसफार्मर लग चुका है। सुचारु आपूर्ति उपकेंद्रों को दी जा रही है।