लोगों को आता देख मौके से भाग रहा चालक कुछ दूर आगे बस छोड़कर भाग गया। घटना से गुस्साए लोगों ने बस में तोड़ फोड़ करने के बाद उसे पलट दिया। इसके बाद भीड़ ने बस में आग लगा दी। सूचना पर पहुची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू किया लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल गई।
बस भाजपा सांसद हरिओम पांडेय के स्कूल में लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया बुझाया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जाती है। उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। जबकि छात्रा व एक अन्य को इलाज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जान कारी के अनुसार भाजपा सांसद हरिओम पाण्डेय के विद्यालय ग्रामर्षि एकेडमी गद्दोपुर की बस सोमवार सुबह बच्चों को लेने के लिए अकबरपुर गौहनिया मार्ग से अशरफपुर बरवां की तरफ आ रही थी। भरथुआ तिराहे के निकट बस अचानक अनियंत्रित हो गई। उसने आगे जा रही एक बाइक व एक साइकिल में टक्कर मार दी।
इसके अलावा आरडी पब्लिक स्कूल भरथुआ जा रही कक्षा 4 की छात्रा को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। घायलों की गुहार पर आस पास के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों से आता देख चालक कुछ दूर आगे मौरापारा के निकट बस खड़ी कर फरार हो गया।
आक्रोशित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में तोड़ फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद बस को पलट भी दिया। इसी बीच वहां आयी एंबुलेंस ने घायल छात्रा मौसमी (12) निवासी मौरापारा, अलीगंज थाना क्षेत्र के बिहरई निवासी सत्यप्रकाश (58) और श्रीनिवास (46) निवासी रतनपुर थाना अहिरौली को जिला अस्पताल पहुंचाया।
इस बीच घटना की सूचना मिलते ही और भी ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने तोड़फोड़ के साथ ही बस में आग लगा दी। जानकारी पर अहिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को किसी तरह से शांत कराया। इस बीच आयी फायरब्रिगेड टीम ने बस में लगी आग को काबू में किया।
उधर जिला अस्पताल में भर्ती घायलों को देखने व घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए सीओ सिटी अतुल श्रीवास्तव व सीओ भीटी सुधीर कुमार पहुंचे। अहिरौली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घायलों का बयान दर्ज किया। इसी दौरान चिकित्सकों ने सत्यप्रकाश को की हालत को गंभीर देख उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।