अंबेडकरनगर। अलीगंज की दो और कटका की एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। इनमें दो किशोरियों को स्कूल जाते वक्त आरोपी बहका कर अपने साथ ले गए। तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अलीगंज के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी आठ फरवरी की शाम अपनी छोटी बहन के साथ शौच के लिए खेत की तरफ गई थी। किशोरी की मां का आरोप है कि गांव का ही राम अनुज नहर के पास बाइक लेकर खड़ा था। वहीं उनकी बेटी का बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर चला गया। दूसरा मामला भी अलीगंज थाने का है।
एक गांव की किशोरी छह फरवरी की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। किशोरी के पिता के मुताबिक अलीगंज कस्बा निवासी हमजा ने उनकी बेटी को ताज टाॅकीज के पास बुलाया और अपने साथ लेकर चला गया। अलीगंज पुलिस दोनों किशोरियों के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कटका के एक गांव की छात्रा 25 जनवरी से लापता है। छात्रा के पिता का कहना है कि उन्होंने काफी तलाश किया, लेकिन बेटी का पता नहीं चल सका। इसी बीच एक दिन कुशीनगर के पटरौना जनपद के नोनिया टोला थाना विशुनपुर के सुनील कुमार का फोन आया। सुनील ने बताया कि लापता छात्रा उसी के पास है। आरोप है कि सुनील शादी का झांसा देकर उनकी पुत्री को अपने साथ लेकर चला गया। कटका पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।