बसखारी (अंबेडकरनगर)। गोवंशीय पशुओं को वध के लिए ले जा रहे तस्करों को पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसमें तस्करों की फायरिंग में दो सिपाही घायल हो गए जबकि दो तस्करों को भी पुलिस की गोली लगी है। एक अन्य तस्कर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए तीन तस्करों को पुलिस ने बाद में जेल भेज दिया। तस्कर जिस ट्रक से जा रहे थे उसमें घायल दशा में पांच गोवंशीय पशु बरामद हुए हैं।
बसखारी पुलिस को सूचना मिली कि आजमगढ़ बस्ती नेशनल हाईवे से होकर बुधवार रात कुछ पशु तस्कर गुजरने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने नई बाजार बस्ती के निकट देर रात आ रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश की। थोड़ी दूर पर ट्रक को घेरकर रोक लिया गया। ट्रक पर मौजूद तस्करों ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें सिपाही अमित चौरसिया व अभिषेक सिंह घायल हो गए। उनके कंधे, हाथ व पैर में गोली लग गई।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी फायरिंग की। ट्रक से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत नसीरपुर निवासी मुनीर उर्फ मनीष तथा इसी गांव के सैमुद्दीन के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। एक टीम ने आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना अंतर्गत बिंदवल निवासी तारिक को घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों घायल तस्करों व सिपाहियों को सीएचसी ले जाया गया, इसके बाद जिला अस्पताल में उपचार हुआ।
थाना प्रभारी संतकुमार सिंह ने बताया कि ट्रक पर क्रूरतापूर्वक पांच गोवंशीय पशु लादे गए थे, उन्हें मुक्त कराया गया है। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर चालान किया जा रहा है।