थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखईपुर गांव में शुक्रवार सुबह भूमि विवाद में एकजुट हुए लोगों ने एक पक्ष के घर में घुसकर हमला बोल दिया। इसमें एक मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सुखईपुर गांव निवासी मोहम्मद शरीफ पुत्र मोहम्मद मुर्तजा शुक्रवार सुबह अपने घर के सामने दीवार का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि गांव के ही मोहम्मद दोस्त अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और संबंधित भूमि को अपना बताते हुए दीवार को ढहा दिया।
शरीफ ने जब इसका विरोध किया तो दोस्त मोहम्मद व अन्य लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर शरीफ के घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पांच वर्षीय साहिब पर धारदार हथियार से हमला करना चाहा तो शरीफ ने उसे पकड़ लिया। इस पर उसका हाथ कई स्थानों पर कट गया।
इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इसमें शरीफ, साहिल व शहरुलनिशा को चोटें आईं। गुहार पर जब तक स्थानीय लोग मौके पर पहुंचते, हमालवर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए।
बाद में घायलों ने थाने पहुंच पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ अरशद सिद्दीकी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोस्त मोहम्मद, सलाहुद्दीन व जुबेर के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर दोस्त मोहम्मद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।