अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रगड़गंज में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद में बीचबचाव करने पहुंचे युवक की टाइल्स कटर से हत्या के मामले में पुलिस ने कटरिया याकूबपुर तिराहे से एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रगड़गंज में सोमवार को रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो रहा था। इसी दौरान उधर से गुजर रहा रवि सोनी बीचबचाव करने लगा। आरोप है कि इसी बीच कृष्ण कुमार सोनी, रानी सोनी निवासी रगड़गंज व रवि कुमार निवासी भिदूण ने उस पर टाइल्स कटर से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने पिता जनार्दन सोनी की तहरीर के आधार पर हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। प्रभारी कोतवाल हीरालाल यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस ने कटरिया याकूबपुर तिराहे के पास कहीं भागने की फिराक में खड़े हत्या के आरोपी कृष्णकुमार सोनी, रानी सोनी व रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर टाइल्स कटर भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।