अंबेडकरनगर। महरुआ में ट्रक के माइन टैग को डंपर में लगाकर धोखाधड़ी करने वाले अमेठी, सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर के तीन शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
भिखारीपुर गांव के घनश्याम यादव के पास निजी ट्रक है। उनके ट्रक के माइन टैग का उपयोग एक अन्य डंपर वाहन के संचालन में किया गया था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कई बार डंपर वाहन का चालान काटा, जिसके जुर्माने का मेसेज ट्रक मालिक के मोबाइल पर पहुंचा। इसकी तकनीकी जानकारी लेने पर पता चला कि यह टैग सॉफ्टवेयर के जरिये संचालित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है। अवैध खनन रोकने के लिए इस टैग का प्रयोग खनन विभाग वाहनों में करता है। इसकी जानकारी होने के बाद धोखाधड़ी करने वाले अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
महरुआ के कटरिया बड़ागांव के पास से मंगलवार को पुलिस ने अमेठी जिले के करपिया निवासी अनिरुद्ध सिंह उर्फ टिंकल सिंह, सुल्तानपुर के कोतवाली देहात के पितांबरपुर निवासी संजय कुमार मिश्र और महरुआ के पिलाई निवासी सत्य प्रकाश जायसवाल को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष यादवेंद्र सोनकर ने बताया कि इनके पास से फर्जी तरीके से वाहन खरीद कर लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से बेचने के लिए ले जाए जा रहे ट्रक के केबिन, 30 टायर, एयर क्लीनर व घटना में प्रयुक्त एक ट्रक का नंबर प्लेट बरामद हुआ है। तीनों को न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।