अंबेडकरनगर। अकबरपुर के प्रधान डाकघर व पासपोर्ट कार्यालय को सोमवार को दोपहर 12:30 बजे के करीब बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। पुलिस, एलआईयू टीम और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल पर पहुंचकर गहन छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान एक लावारिस बैग मिलने से लोगों में दहशत फैल गई, हालांकि बाद में बैग के मालिक के सामने आने से सभी ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, प्रधान डाकघर अकबरपुर प्रतिदिन की तरह सुबह 10 बजे खोल दिया गया था। कर्मचारी अपना काम निपटाने में जुटे थे। उपभोक्ता भी संबंधित काउंटरों पर रुपये जमा करने के साथ जरूरी कामकाज निपटाने में व्यस्त थे। दोपहर करीब 12:30 बजे डाकघर के पासपोर्ट कार्यालय के कर्मचारी रणजीत सिंह को उनके मोबाइल ग्रुप और ऑफिस के ई-मेल पर एक संदेश प्राप्त हुआ। इस संदेश में दावा किया गया था कि डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में 14 साइनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1:15 बजे फटेंगे। यह ई-मेल ''तमिल लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन'' नामक एक कथित संगठन की ओर से भेजा गया था। संदेश में कुछ विवादित मामलों का हवाला देते हुए विभिन्न मांगें रखी गई थीं और कुछ व्यक्तियों की रिहाई की बात कही गई थी।
संदेश मिलते ही कर्मचारी रणजीत सिंह के हाथ-पैर फूल गए। उन्होंने तुरंत अपने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद, सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचित किया गया। कुछ ही देर में पुलिस बल, एलआईयू टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। पूरे परिसर को खाली कराकर गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
लावारिस बैग ने बढ़ाई चिंता
तलाशी अभियान के दौरान, शाम करीब चार बजे, काउंटर पर एक काला बैग दिखाई पड़ा। जब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने पुकारा तो कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया, जिससे लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। हालांकि, कुछ देर बाद एक व्यक्ति दौड़कर वहां पहुंचा और बैग को अपना बताते हुए उसे ले गया। इस घटना से एक बार फिर लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
पूर्व में भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब अकबरपुर के प्रधान डाकघर या संबंधित कार्यालयों को ऐसी धमकी मिली हो। इससे पहले 18 मार्च को भी पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय पासपोर्ट कार्यालय प्रभारी लालजी निषाद को मोबाइल ग्रुप पर संदेश मिला था कि वाॅशरूम में 19 साइनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो दोपहर 2:10 बजे फटेंगे। इसके अलावा, एक अप्रैल को न्यायालय परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि, ये सभी पूर्व की सूचनाएं भी फर्जी साबित हुई थीं।
जांच जारी
प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला था। परिसर की गहन जांच कराई गई, लेकिन कहीं भी कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। -नीतीश कुमार, सीओ अकबरपुर