जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। हिंदुस्तान किसी एक जाति व धर्म का नहीं है। यहां सभी को मिलजुल कर रहने का अधिकार है। राजनीतिक लाभ के लिए धर्म व जाति में बांटने की कोशिश करने वाले दलों को विकास की सुध नहीं है। सिर्फ कांग्रेस ही सुशासन व विकास के नाम पर वोट मांग रही है। यह विचार मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व प्रदेश मीडिया प्रभारी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने प्रकट किए।
उन्होंने कहा कि हम आलापुर में प्रचार करने नहीं, बल्कि अपने घर आए हैं। यहीं से हमने राजनीति की शुरुआत की है। घर-घर गांव-गांव के लोगों से हमारा व्यक्तिगत संबंध है। जहांगीरगंज के हेमराजपुर में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि मुसलमानों की स्थिति बदतर होती जा रही है। सपा और बसपा के लोग मुसलमानों का वोट लेकर सरकार तो बनाते हैं, लेकिन इनकी भलाई के लिए कोई काम नहीं करते।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुसलमानों को भ्रमित करने के लिए कई राजनीतिक दल लगे हैं। मुसलमान अब किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। हिंदुस्तान सभी धर्म के लोगों का है। आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले भारत में कुछ राजनीतिक दल फूट डालने का काम करते हैं। कहा कि आज महंगाई अपने चरम पर जा पहुंची हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। जिलाध्यक्ष अमित वर्मा ने बताया कि कटेहरी में भी जनसभा के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी।