भीटी। क्षेत्र के उमरावां गांव में सोमवार की रात चोरों के एक गिरोह ने चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। गांव के कपिल सिंह के मुताबिक चोरों ने रात के अंधेरे में उनके दरवाजे का ताला तोड़कर घर में रखे एक सिकड़, दो अंगूठी, एक पायजेब और अन्य सामान चुरा लिया।
इसके बाद, चोरों ने अनूप सिंह के घर के चार ताले तोड़कर पांच अंगूठी, एक बड़ा मंगलसूत्र, सोने का हार, एलईडी टीवी और अन्य कीमती आभूषणों पर धावा बोला। इसके बाद पड़ोस में रहने वाली पिंकी सिंह के घर से भी चोरों ने एक पायल, दो बिछुआ, कान की बालियां और अन्य आभूषण चुरा लिए।
गांव के ही श्याम सुंदर उर्फ रतन ने बताया कि उनकी बेटी पंकज कुमारी के पति की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। ऐेसे में बेटी अपने गहने व अन्य सामान एक अटैची में पहली मंजिल के कमरे में रख गई थी। सोमवार की देर रात घर के बगल कोठ के सहारे चोर छत पर चढ़ गए। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर उनकी बेटी के झुमकी, पायजेब, पायल, पांच अंगूठी आदि आभूषण उठा ले गए। वह भोर अपने खेतों की तरफ चले गए और पत्नी उर्मिला घर के काम निपटाने में जुटी थी। सुबह 11 बजे छत पर जाने पर कमरे का ताला टूटा देख उनको चोरी की घटना की जानकारी हो पाई।
थानाध्यक्ष कृष्ण बली सिंह ने बताया कि सभी पीड़ितों से तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में पूछताछ कर रही है और जल्द ही इस गिरोह को पकड़ने का दावा कर रही है।