अंबेडकरनगर । जिले के चार लाख धान किसानों के लिए राहत की खबर है। 1300 मीट्रिक टन यूरिया जिले को उपलब्ध हुई है। यहां एक लाख 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की रोपाई हुई है। इन दिनों धान की फसल में यूरिया का छिड़काव किया जा रहा है।
धान की फसल को लेकर प्रदेश के अग्रणी जिले में शामिल जनपद के चार लाख दो हजार किसानों को यूरिया की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। सोमवार को अयोध्या रैक प्वाइंट पर जिले के लिए यूरिया पहुंच गई है। इसे 75 साधन सहकारी समिति और 15 अन्य सहकारी संघ पर भेजा जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बफर स्टाॅक में रखे यूरिया को आवश्यकतानुसार केंद्रों को भेजा जा रहा था। अब नई रैक आ गई है, किसानोंं को पर्याप्त खाद मिल सकेगी।
98 समितियों का हुआ औचक निरिक्षण
जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को समितियों के औचक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन के लिए सभी उपजिलाधिकारी सहित 98 अधिकारी निकले। सत्यापन के दौरान कुछ समिति में स्टाॅक रजिस्टर सही नहीं पाया गया। इसे लेकर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक व जिला कृषि अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सत्यापन से जो रिपोर्ट मिली है, उस पर जरूरी निर्णय होगा। बताया कि खाद वितरण में अनियमितता पर कोई भी 9455485475 उर्वरक कंट्रोल रूम नंबर पर शिकायत कर सकता है।