जहांगीरगंज नरियांव बावली चौंक पर लगा जाम।
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत जहांगीरगंज के नरियाव बावली चौक पर भीषण गर्मी के बीच बुधवार को सैकड़ों की संख्या में वाहन फंसे रहे, जिससे लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नरियाव बावली चौक पर अक्सर जाम की समस्या से लोग जूझते रहते हैं। बुधवार को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे जाम लग गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान दफ्तर, काॅलेज और जरूरी काम से निकले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीए की परीक्षा देने जा रही छात्रा किरन प्रतिमा प्रीति, छात्र राकेश व जयप्रकाश ने बताया कि लगभग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहने के कारण कॉलेज पहुंचने में देरी हो गई।
नरियाव गांव निवासी एडवोकेट अनवर सादात अंसारी ने कहा कि बावली चौक पर जाम की समस्या अक्सर बनी रहती है, जब तक बाईपास नहीं बनेगा तब तक लोगों को इसी तरह जाम की समस्या से जूझना पड़ेगा। बावली चौक से खलीलाबाद संतकबीरनगर, अतरौलिया आजमगढ़ जाने का प्रमुख मार्ग है। इसके कारण भारी वाहनों का आवागमन अधिक होता है। इस मार्ग पर बाजार लगने के कारण अक्सर वाहन फंस जाते है।
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के एक्सईएन अश्विनी कुमार ने बताया कि जहांगीरगंज में बाईपास बनाए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कराया जाएगा।