फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: तापमान 40 डिग्री पहुंचा, गर्मी से लोग बेहाल

विज्ञापन
अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर धूप के चलते पसरा सन्नाटा। संवाद
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। एक दिन पूर्व हुई बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली थी, वहीं सोमवार को तापमान 40 के पार हो गया। तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग भीषण गर्मी से बेहाल नजर आए। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक सड़कों पर पसरा सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है, जिससे माना जा रहा है कि अभी गर्मी और सताएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है।
विज्ञापन

सोमवार दिन की शुरुआत से ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। सुबह सात बजे तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में सुबह से ही छत पर रखी टंकियाें में पानी गर्म होना शुरू हो गया था। तपिश इतनी थी कि लोग अपने घर की छतों व आंगन में भी जाने से बचते रहे। जैसे जैसे दिन चढ़ना शुरू हुआ मौसम और गर्म होना शुरू हो गया। बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश होने के चलते लोग घरों से बाहर कम ही निकले।
शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़े यात्री छांव की तलाश में भटकते नजर आए। दोपहर 12 बजे तक सड़कों पर सीधे धूप में लोग आने से बचते रहे। अंगौछा, स्टोल, टोपी व छतरी का सहारा लेकर लोगों ने धूप से बचते ही अपने जरूरी काम निपटाए। शहर के तहसील तिराहे पर लस्सी, शेक और जूस की दुकानों पर भीड़-भाड़ नजर आई। अयोध्या-अकबरपुर, टांडा अकबरपुर मार्गों के साथ शहर की मुख्य बाजार शहजादपुर में सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन

शाम साढ़े चार बजे के बाद तापमान में हल्की गिरावट होना शुरू हुई, लेकिन फिर भी गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। दिन का अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में करीब 12.6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवा भी चली। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और चढ़ेगा। मंगलवार के बाद पारा 42 डिग्री तक जा सकता है। इसके साथ गर्म हवा भी चलेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने लू (तापघात) से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। लू से बचने के लिए अधिक पानी पिएं, धूप में बेवजह बाहर जाने से बचें, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, और सिर को ढककर रखने की सलाह दी गई है। लू के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना, दिल की धड़कन तेज होना, घबराहट, चक्कर आना और बेहोशी जैसे लक्षण हों तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

करें ये उपाय
- बार-बार पानी पिएं, प्यास की इच्छा ना होने पर भी पानी पिएं।
- दिन में 12 से 04 बजे के बीच बाहर जाने से बचें।
- हल्के रंग के सूती, ढीले और फुल बांह के कपड़े पहनें
- सिर को ढंकने के लिए टोपी, कपड़ा, या छतरी का उपयोग करें।
- बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
- अगर लू के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत छायादार जगह पर जाएं और कपड़े गीले कर लें।
- लक्षण गंभीर हों, तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
- आम पना, बेल शरबत, नींबू पानी, छाछ, ओआरएस का सेवन करें.।




आंधी में पशु आश्रय स्थल पर गिरी पेड़ की डाल, मवेशी जख्मी
फोटो- 12
महरुआ। क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुरगूपर के मजरा ग्राम जमालपुर में रविवार की देर शाम आई तेज आंधी व बारिश में वीरेंद्र यादव के पशु आश्रय स्थल पर आम के पेड़ की डाल टूट कर गिर गई। इस दौरान यहां तीन मवेशी बंधे हुए थे, जो डाल गिरने के कारण टिनशेड व दीवार गिरने से जख्मी हो गए। इसी तरह पतौना गांव में अरविंद यादव के मकान का सभी सीमेंट की चादर आंधी के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। आदमपुर तिंदौली गांव में एक बाउंड्री व शेड गिर गया। इस दौरान क्षेत्र में करीब 15 मिनट तक तेज बारिश भी हुई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें