टांडा (अंबेडकरनगर)। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में नंबर बढ़वाने के मामले में करीब दो वर्ष पहले दर्ज मुकदमे का जिन्न एक बार फिर बाहर आ गया है। बीते दो वर्षों से ठंडे बस्ते में पड़ी विवेचना के संबंध में बीती रात कोतवाली पुलिस द्वारा एक आरोपी से पूछताछ किए जाने की खबर है।
17 मार्च 2020 को थाना अलीगंज व जिले की एसओजी टीम ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं में नंबर बढ़वाने व पास कराने वाले गिरोह का खुलासा किया था। तीन आरोपी मोहम्मद वामिक निवासी मोहल्ला ख्वाजाबक्श देवबंद, जिला सहारनपुर, मोहम्मद मोबीन सेवानिवृत्त लिपिक कौमी इंटर कॉलेज टांडा निवासी मोहल्ला नैपुरा टांडा, प्रमोद श्रीवास्तव सीनियर ऑडिटर संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा अयोध्या मंडल अयोध्या निवासी ग्राम तरसावां थाना महरुआ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
उनके पास से भारी मात्रा में टाइपशुदा हाईस्कूल व इंटर के छात्रों के अनुक्रमांक की सूची व नकदी बरामद हुई थी। पकड़े गए आरोपियों के बयान पर कमर इंतेखाब निवासी खुड्डा छपार, जिला मुजफ्फरनगर, प्रबंधक व प्राचार्य कौमी इंटर कॉलेज टांडा तथा एक अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में तत्कालीन थानाध्यक्ष अलीगंज रामचंद्र सरोज ने मुकदमा दर्ज कराया था।
सूत्रों की मानें तो वर्ष 2021 में पुलिस ने कमर इंतेखाब के अलावा प्रबंधक एवं प्राचार्य कौमी इंटर कालेॅज का नाम विवेचना के द्वारा निकाल दिया। इस पर एएसपी ने ऐतराज जताते हुए सीओ टांडा को रिपोर्ट वापस भेजते हुए दोबारा जांच के निर्देश दिए थे। इसके चलते विवेचना अभी प्रचलित है। इस बीच खबर है कि एक आरोपी को पुलिस ने अचानक पूछताछ के लिए थाने बुलाया। इसके बाद जरूरी प्रक्रिया अपनाकर जाने दिया। हालांकि टांडा कोतवाल विजेंद्र शर्मा ने ऐसे किसी पूछताछ से इंकार किया है।