जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। स्थानीय बाजार स्थित मोबाइल की दुकान में शुक्रवार रात चोरों ने नकब लगाकर 38 हजार रुपए नकदी समेत चार लाख रुपए कीमत के 25 मोबाइल सेट पार कर दिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह हो सकी, जब पीड़ित दुकान पर पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके का जायजा लिया।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के करमैतपुर निवासी नमन पाण्डेय की शिवाजी चौक के निकट मोबाइल की दुकान कर रखा है। शुक्रवार शाम अमन दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने दुकान के ऊपर हिस्से में नकब लगाकर अंदर रैक में रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के 25 मोबाइल सेट व भुगतान के लिए दराज में रखा 38 हजार रुपए नकद समेत अन्य सामान उठा ले गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह व्यवसायी के दुकान पर पहुंचने पर हुई। छत के ऊपर नकब लगा देख वह भौचक्का रह गया। रैक में रखा मोबाइल व नकदी भी गायब मिला। घटना की जानकारी डायल 112 की टीम को दी गई। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस टीम ने मौके का जायजा लिया। पीड़ित ने थाने पहुंच तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन कर कार्रवाई की जा रही है।