राजेसुल्तानपुर के सरयू नगर में शराब की दुकान में हुई चोरी के बाद जांच करती पुलिस।संवाद
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के सरयू नगर में शनिवार देर रात चोरों ने देसी और कंपोजिट शराब की दुकानों पर धावा बोला। शटर के ताले तोड़कर करीब 35 हजार रुपये नकद और एक पेटी अंग्रेजी शराब व कुछ बियर की बोतलें पार कर दीं। साथ ही कंपोजिट दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर और एलईडी अपने साथ उठा ले गए। देशी शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो चोर दिखाई पड़ रहे हैं, लेकिन दोनोंं ने अपना मुंह गमछे से ढक रखा था।
सरयू नगर में कोदई सिंह की अंग्रेजी शराब और बीयर की कंपोजिट दुकान है। इनके ठीक बगल में इब्राहिमपुर के केदारनगर निवासी सईद की देशी शराब की दुकान है। शनिवार की सुबह कंपोजिट के सेल्समैन अरविंद जायसवाल दुकान पर पहुंचे तो दुकान का शटर आधा खुला हुआ था। सेल्समैन ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। कुछ ही देर में कोदई सिंह वहां पहुंचे तो देखा की दुकान के मुख्य शटर और अंदर लगे दरवाजे का ताला भी टूटा था। दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर गायब था। दुकान के गल्ले में रखे 30 हजार रुपये नकद और एक पेटी अंग्रेजी शराब और कुछ बीयर चोर उठा ले गए थे।
पड़ोस स्थित देसी शराब की दुकान का भी ताला तोड़कर गल्ले में रखे पांच हजार रुपये चोर ले गए थे। देसी शराब के सेल्समैन अरविंद सोनकर और अंग्रेजी शराब के दुकान मालिक ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देसी शराब की दुकान से सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के जरिए चोरों का पता लगाया जा रहा है। जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।