आलापुर। स्थानीय पुलिस टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की बैटरी व इन्वर्टर भी बरामद हुआ। गौरतलब है कि आलापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम जनमानस में भय का माहौल उत्पन्न कर दिया था। चोरों ने कई रामनगर समेत कई अन्य बाजारों में चोरी की घटना को अंजाम देते हुए हजारों रुपए के सामान व नकदी पार कर दिए थे। चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने के चलते नागरिकों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान भी खड़ा किया। हालांकि इस बीच रविवार रात्रि गश्त के दौरान थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने उप निरीक्षक शिव दीपक सिंह, कांस्टेबल प्रेम प्रकाश सिंह, अजय यादव, दीपक यादव के साथ चोरी की फिराक में खड़े दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की बैटरी, इन्वर्टर तथा स्टेप्लाइजर भी बरामद हुआ। युवकों की पहचान थाना क्षेत्र के अछती गांव निवासी अभिषेक यादव तथा सौभाग्य यादव उर्फ नीलू यादव निवासी मजीरा केरा का पूरा दूल्हूपुर के रुप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने बीते 31 अक्टूबर को थाना क्षेत्र के अछती बाजार में विकास गुप्ता की दुकान से इन्वर्टर तथा बैटरी चोरी तथा रामनगर बाजार में भी हुई चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। उधर पुलिस टीम को क्षेत्राधिकारी जगदीश लाल ने बधाई दी है।